दो माह में हर घर पहुंचे नमामि गंगे का पानी, नहीं तो होगी कार्रवाई: सदर विधायक
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l टेढ़ा गांव में शनिवार रात आयोजित चौपाल में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति के सामने ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सिंचाई और खाद की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने नमामि गंगे परियोजना के अधिकारियों को दो माह के भीतर हर घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नमामि गंगे पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन की खामियों के कारण लोगों को नियमित पानी नहीं मिल पा रहा है। इस पर विधायक ने मौके पर मौजूद नमामि गंगे के अवर अभियंता को फटकार लगाते हुए कहा कि दो माह के भीतर पाइपलाइन की कमियां दूर कर घर-घर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बाद वह अधिशासी अभियंता के साथ गांव का निरीक्षण करेंगे और यदि ग्रामीणों ने दोबारा शिकायत की तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।विधायक ने विद्युत विभाग के एसडीओ को भी किसानों के नलकूपों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें। चौपाल में ग्राम प्रधान नोखेलाल यादव, सौरभ सिंह, बिहारीलाल प्रजापति, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण पाल, पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. आर.बी. यादव, भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।