नहर विभाग की जमीन पर चला बुलडोजर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर नहर विभाग की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और सिंचाई विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कल्याणपुर आईआईटी सोसाइटी से टूटी पुलिया बम्बा रोड तक बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि पर बने पक्के और कच्चे निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।प्रशासन ने कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कब्जाधारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी तैनात रही। अधिकारियों ने भविष्य में भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है। अधिकारियों के मुताबिक, नहर विभाग की भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से दुकानें, टीनशेड, चबूतरे, बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण कर कब्जा किया गया था। इससे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बढ़ने के साथ ही आवागमन और विभागीय कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। प्रशासन ने बताया कि कब्जाधारियों को कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए गए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर नगर निगम और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर अभियान चलाया। बुधवार को अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने अपना सामान स्वयं हटा लिया, जबकि कई स्थानों पर बुलडोजर से निर्माण गिराए गए। पूरी कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद नहर विभाग की भूमि को सुरक्षित कराया जाएगा, ताकि दोबारा कोई अवैध कब्जा न हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
|