जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
-01 से 31 जुलाई तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 11 से 31 जुलाई तक संचालित होगा दस्तक अभियान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद में संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम तथा जन-जागरूकता के उद्देश्य से डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क, हमीरपुर से जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से जनपदवासियों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति अधिकाधिक जागरूक करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस तथा अन्य संचारी रोगों की रोकथाम केवल शासन-प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कहीं भी पानी का जमाव न होने देने तथा बुखार अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच एवं उपचार कराने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला ने बताया कि 01 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान में कुल 11 विभागों की सहभागिता रहेगी तथा जनपद में 1105 टीमें एवं 215 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर भ्रमण कर बुखार के मरीजों की पहचान, आईएलआई/एसएआरआई, टीबी, कुष्ठ एवं फाइलेरिया के संभावित रोगियों की जांच, एक्यूट डायरिया के उपचार, लार्वा सर्वे, स्रोतों का निरीक्षण तथा ओआरएस वितरण किया जाएगा। नगर निकायों द्वारा नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव कराया जाएगा। शिक्षा विभाग विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करेगा, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों की सूची तैयार कर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से अपील की कि घरों में कूलर, गमले, टायर एवं अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का प्रयोग करें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें तथा किसी भी प्रकार के बुखार को हल्के में न लें।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, नोडल अधिकारी वीबीडीसीपी, जिला सूचना अधिकारी, नगर पालिका परिषद हमीरपुर के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।