वन महोत्सव पर गंगा टास्क फोर्स ने हरियाली करने का लिया संकल्प -पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं बल्कि उन्हें बड़ा करना भी हमारी जिम्मेदारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय सेना की 137 सी ई टी एफ बटालियन टी ए 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स ने कानपुर जूलॉजिकल पार्क में वन महोत्सव के तहत वृक्षारोपण अभियान चलाया।इस अवसर पर कानपुर चिड़ियाघर के वर्तमान निदेशक आई एफ एस अधिकारी डॉ कन्हैया पटेल, विभा भारती के महासचिव डॉ सुनील मिश्रा,राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एन एम सी जी) के जिला परियोजना अधिकारी (डी पी ओ) शशांक शुक्ला,वोमेन इम्पावरमेंट एंड वेलफेयर सोसाइटी से डॉ प्रतिभा मिश्रा, वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट से डॉ अपर्णा यादव उपस्थित रहे। गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल रोहित श्रीवास्तव और कानपुर स्थित कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के दिशा निर्देश पर विगत 7 सालों से गंगा स्वच्छता अभियान,पौधा रोपण, घाटों की गश्त, जागरूकता अभियान निरंतर कर रही है। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर सिंह ने संबोधित करते हुए बताया कि आज हम यहाँ वन महोत्सव अभियान के अवसर पर एकत्रित हुए हैं। वन महोत्सव भारत में प्रत्येक वर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षा रोपण करना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इस अभियान की शुरुआत वर्ष 1950 में तत्कालीन केंद्रीय कृषि एवं खाद्य मंत्री डॉ - के एम मुंशी द्वारा की गई थी।वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं वे हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) फल, फूल, औषधियाँ, लकड़ी और शुद्ध वातावरण प्रदान करते हैं। यदि पेड़ नहीं होंगे तो जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और वनों की कटाई के कारण पर्यावरण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए और उनकी देखभाल भी करे!केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि उन्हें बड़ा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। यदि हम सभी वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी रक्षा करें तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भारत का निर्माण कर सकते हैं।