समन्वय जूनियर बालक वर्गीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता हेतु 7 जुलाई को जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित होगा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिला खेल कार्यालय, हमीरपुर द्वारा अवगत कराया गया है कि क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, क्षेत्रीय खेल कार्यालय चित्रकूटधाम मंडल, चित्रकूट के निर्देशानुसार प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक वर्गीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 13 जुलाई, 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, चित्रकूट में किया जाएगा।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के चयन हेतु जिला स्तरीय चयन ट्रायल 07 जुलाई, 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय चयन में चयनित खिलाड़ी 08 जुलाई, 2026 को प्रातः 11:00 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, चित्रकूट में आयोजित मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उप क्रीड़ाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र जूनियर बालक वर्ग के बॉक्सिंग खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक खेल सामग्री एवं अभिलेखों के साथ जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में उपस्थित होकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए अधिक से अधिक खिलाड़ी इसका लाभ उठाएं।