मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में जनपद हमीरपुर ने प्रदेश में प्राप्त किया चौथा स्थान
-राजस्व एवं फ्लैगशिप योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन, 10 में से 9.02 अंक हासिल; कई विभागों में मिला सर्वोच्च 'ए' ग्रेड
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। मुख्यमंत्री कमांड सेंटर, उत्तर प्रदेश द्वारा जून-2026 माह की जिला अनुश्रवण पुस्तिका (राजस्व एवं फ्लैगशिप योजनाएं) की रैंकिंग जारी कर दी गई है, जिसमें जनपद हमीरपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90.20 प्रतिशत अंकों (10 में से 9.02 अंक) के साथ प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। शासन द्वारा जारी दर्पण (DARPAN) डैशबोर्ड रिपोर्ट के अनुसार यह उपलब्धि जनपद में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत अनुश्रवण एवं बेहतर प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के कुशल निर्देशन एवं राजस्व विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा कंट्रोल रूम कार्मिकों के समर्पित प्रयासों से जनपद ने यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न विभागों की 62 महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई, जिसमें जनपद हमीरपुर ने राजस्व विभाग की प्रमुख योजनाओं—कृषि भूमि से गैर-कृषि, अधिवास, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र, धारा-89, धारा-98, भू-लेख, स्वामित्व योजना एवं एंटी-भूमाफिया अभियान—में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके अतिरिक्त आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की डिजिशक्ति योजना, आबकारी विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मंडी आय तथा स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में जनपद ने 10 में से 10 अंक प्राप्त करते हुए सर्वोच्च 'ए' ग्रेड हासिल किया।
जिलाधिकारी ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिए कि विभागीय समन्वय, नियमित अनुश्रवण एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि आगामी महीनों में जनपद शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर सके।