क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कमेटी गठन में विधानसभा की तैयारी कर रहे लोगों पहले दे जानकारी
- बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, प्रवास और अनुशासन बनाए रखने पर दिया जोर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। भाजपा के नवनियुक्त कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक की।उन्होंने 2027 विधानसभा के संभावित प्रत्याशियों से साफ कहा कि जो नेता चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे पहले इसकी जानकारी दें। ऐसे नेताओं को नई क्षेत्रीय कमेटी में पदाधिकारी नहीं बनाया जाएगा। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नियमित प्रवास और अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के सभी फैसले संगठन की प्रक्रिया के तहत ही लिए जाएंगे। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि राम किशोर साहू ने कहा कि संगठन की पहली प्राथमिकता कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर मजबूती से काम करना है। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता और संगठन के बीच काम करना होगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को नियमित प्रवास के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी मंडल और बूथ स्तर तक लगातार जाएं। वहीं क्षेत्रीय पदाधिकारी सभी जिलों का दौरा कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करें। राम किशोर साहू ने कहा कि पार्टी से जुड़ी किसी भी शिकायत या सुझाव को पहले संगठन के निर्धारित फोरम पर रखा जाए। सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर पार्टी के आंतरिक मामलों को उठाना अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसे मामलों में संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी महत्वपूर्ण निर्णय कोर कमेटी में चर्चा के बाद ही लिए जाएंगे।सभी पदाधिकारियों को संगठन की मर्यादा और अनुशासन का पालन करते हुए काम करना होगा