नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, तीन की मौत,9 घायल
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एनएच -2 हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। रूमा स्थित न्यू जेके ढाबा के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। हादसा सुबह करीब साढे पाँच बजे हुआ। वाहन संख्या एचआर 14एम 9501 स्कॉर्पियो सिरसा, हरियाणा से बिहार जा रही थी। इसमें 12 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो किसी अज्ञात वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक 45 वर्षीय पुरुष, 13 वर्ष की एक लड़की और लगभग नौ वर्ष के एक लड़के की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारू कराया। गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को एंबुलेंस से कांशीराम अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दो महिलाएं, चार पुरुष और तीन बच्चियां शामिल हैं। इनमें हिमांशु, नील यादव, केशव भारती समेत 3 बच्चियां अनिशा, स्नेहा और एक 7 वर्षीय बच्ची भी भर्ती है। दो महिलाओं और एक पुरुष की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
-बाक्स घायलों का हाल जानने हैलट पहुंचे डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, बेहतर उपचार के दिए निर्देश
कानपुर। नेशनल हाईवे पर हुई दुखद सड़क दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों का कुशलक्षेम जानने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) जितेंद्र प्रताप सिंह स्वयं हैलट अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला के साथ वार्डों का निरीक्षण किया और घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।गौरतलब है कि बीते दिन महाराजपुर नेशनल हाईवे पर ओवरटेक करने के प्रयास में एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि सभी घायलों को बिना किसी देरी के सर्वश्रेष्ठ और समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव प्रशासनिक व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं प्राचार्य डॉ संजय काला ने इमरजेंसी में कार्यरत सभी डॉक्टरो को घायलो को विशेष उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया।