जूही राखी मंडी के कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग
- दमकल ने मशक्कत के बाद पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जूही थाना क्षेत्र स्थित राखी मंडी में सोमवार को सुबह 5.50 बजे कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम के आस-पास के कई ट्टटर से बनी झोपड़ी जलकर खाक हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किदवई नगर और बाबूपुरवा फायर स्टेशन की गाडियां मौके पहुंची और दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। दमकल अधिकारियों के अनुसार समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के गोदामों तक आग फैलने से रोक लिया गया। कबाड़ गोदाम में रखे प्लास्टिक पालीथीन जलने से नुकसान हुआ है। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी है