लोडर चालक की सिर कूचकर हत्या, रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव
- परिजनों ने पड़ोस के युवक पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक लोडर चालक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव डिग्गी तालाब के पास रेलवे लाइन किनारे खून से लथपथ हालत में मिला। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान बाबूपुरवा निवासी साहिल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार साहिल सुबह करीब नौ बजे शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान डिग्गी तालाब के निकट रेलवे लाइन के किनारे उसका शव पड़ा मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल हैलट अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है। मृतक के परिजनों ने क्षेत्र के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों तक पहुंचा जा सके। थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।