बाल कल्याण समिति ने रेलवे स्टेशन में लोगों को किया जागरूक
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद में संचालित मिशन रक्षा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को बाल कल्याण समिति, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), चाइल्ड हेल्पलाइन तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक अभियान चलाया। टीम ने होटल,स्पा सेंटर,ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर बाल सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की तथा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद टीम इंटरसिटी के आने समय पर रेलवे स्टेशन पर पहुंची और ट्रेन से आने जाने पर वाले महिला यात्रियों, युवतियों एवं बच्चियों से बातचीत कर उन्हें जागरूक किया।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विभा भारती ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शोषण, मानव तस्करी, बाल श्रम और अन्य अपराधों से सुरक्षित रखते हुए उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना है। वहीं एएचटीयू प्रभारी राकेश कुमार यादव ने कहा कि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के लिए यह अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक (डीसी) सफवान ने लोगों से अपील की कि बच्चों को बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुप्रथाओं से दूर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को दें। अभियान में थाना की मिशन शक्ति टीम की शशि यादव सक्रिय रूप से शामिल रही। संयुक्त टीम ने नागरिकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।