व्यापार बंधु बैठक पहली बार तहसील राठ में आयोजित
*व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अभिनव पहल पर जनपद में पहली बार तहसील स्तर पर व्यापार बंधु बैठक का आयोजन तहसील सभागार राठ में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। व्यापारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में जून माह की व्यापार बंधु बैठक में प्राप्त पांच समस्याओं में से चार का निस्तारण किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही व्यापारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न सुझावों एवं समस्याओं पर विभागवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने मंडी सचिव राठ को मंडी परिसर की सड़कों की मरम्मत,नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जल संस्थान को राठ नगर में आवश्यकता के अनुरूप पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उपायुक्त राज्य कर, उपजिलाधिकारी राठ, उपजिलाधिकारी सरीला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त राज्य कर दीपक सिंह ने किया। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।