तेज़ रफ़्तार मारुती कार अनियंत्रित होकर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसी, दो कार सवार घायल; पुलिस कर रही जांच
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ हमीरपुर l कस्बे के अंबेडकर चौराहे पर शुक्रवार तड़के करीब चार बजे एक अनियंत्रित मारुति वैगनआर कार मिठाई की दुकान का शटर तोड़ते हुए अंदर घुस गई। हादसे में दुकान को नुकसान पहुंचा, जबकि कार सवार दो लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद दोनों मौके से चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, पीआरवी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि अंबेडकर चौराहे पर एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर दुकान में टकरा गई है। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और थाना राठ पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान स्वामी ने पुलिस को बताया कि कार में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने वाहन को अनियंत्रित रूप से चलाते हुए दुकान में टक्कर मार दी।दुकानदार के मुताबिक, दुर्घटना में दोनों कार सवारों को मामूली चोटें आई थीं, जिसके बाद वे रिक्शे से उपचार के लिए चले गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाना राठ पहुंचा दिया। इसके बाद कार सवारों की जानकारी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ में भी संपर्क किया गया, लेकिन वहां दोनों के उपचार के लिए पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस वाहन और कार सवार व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।