विरोध प्रदर्शन में जाने वाले जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट
- बोले. विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चढ़ावा चोरी मामले मे विधानसभा अध्यक्ष के बयान के विरोध में कानपुर कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला प्रदर्शन का ऐलान किया था।प्रदर्शन से पहले शुक्रवार दोपहर चकेरी पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया। उन्हें लालबंगला स्थित उनके आवास से बाहर नहीं निकलने दिया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में समर्थक उनके आवास पर पहुंच गए। संदीप शुक्ला ने शाम 4 बजे फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा पर धरना-प्रदर्शन बुलाया था। हाउस अरेस्ट पर संदीप शुक्ला ने पुलिस कार्रवाई पर कहा कि शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। हाउस अरेस्ट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लालबंगला स्थित उनके आवास पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।