महिलाओं की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर हो निस्तारण : डॉ. अनीता गुप्ता
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. अनीता गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, हमीरपुर में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं विकास खण्डों से आई महिलाओं की शिकायतों को सुनते हुए आयोग की सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से संबंधित कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें घरेलू हिंसा, आवासीय एवं भूमि विवाद तथा महिला उत्पीड़न से जुड़े अन्य मामले प्रमुख रहे। डॉ. अनीता गुप्ता ने प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय एवं राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण ही नहीं, बल्कि महिलाओं को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीन बच्चों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से लाभान्वित कराया जाए तथा एक पात्र महिला को निराश्रित महिला पेंशन योजना से आच्छादित किया जाए।
बैठक के दौरान महिला कल्याण, पुलिस, राजस्व, समाज कल्याण, प्रोबेशन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आयोग की सदस्य को विभागीय योजनाओं एवं शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया। डॉ. अनीता गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक शिकायत का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि महिलाओं का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
बैठक में जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।