ओबीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 जुलाई को, मूल अभिलेखों के साथ उपस्थित होने की अपील
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुरl जनपद में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ओबीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 जुलाई, 2026 (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा। यह साक्षात्कार प्रातः 10:00 बजे से कार्यालय जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, हमीरपुर में संपन्न होगा।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र युवाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं के तकनीकी कौशल का विकास कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन किया है, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी मूल शैक्षिक एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, ताकि उनके अभिलेखों का सत्यापन एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा सके। उपायुक्त उद्योग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित स्थल पर उपस्थित होने तथा योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।