शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े: डीएम
-प्रत्येक महिला पोषण अभियान की बने संदेश वाहक
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | संभव अभियान-6 के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड सरसौल की ग्राम पंचायत हाथीपुर में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पोषण पंचायत आयोजित की गई। विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को कुपोषण मुक्त पंचायत के लक्ष्य के साथ संतुलित आहार,स्वास्थ्य,स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया!जिलाधिकारी ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे पोषण पंचायत से प्राप्त जानकारी का अधिकतम लाभ उठाएं, शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ें तथा अपने परिवार और गांव को जागरूक करने में नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभाएं। प्रत्येक महिला पोषण अभियान की संदेशवाहक बने और कुपोषण मुक्त पंचायत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाए।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरिदत्त नेमी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेना चाहिए। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी परामर्श अपनाकर एनीमिया एवं कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग की सभी सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि कुपोषण कोई रोग नहीं, बल्कि जागरूकता की कमी से उत्पन्न होने वाली स्थिति है। यदि जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा किशोरियों के पोषण पर समुचित ध्यान न दिया जाए तो वे कुपोषण की श्रेणी में आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण अप्रत्यक्ष रूप से देश की आर्थिक प्रगति को भी प्रभावित करता है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान मोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।