जिलाधिकारी के निर्देशन में बदली प्राथमिक विद्यालयों की तस्वीर,
स्मार्ट क्लास से लेकर ओपन जिम तक की सुविधाओं से सुसज्जित हुए विद्यालय
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हमीरपुर l जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के कुशल निर्देशन में जनपद हमीरपुर में शिक्षा व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह द्वारा जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में कराए गए महत्वपूर्ण विकास कार्यों एवं उनके सकारात्मक प्रभाव की जानकारी साझा की गई।
*200 विद्यालयों में स्थापित हुई स्मार्ट क्लास, करीब 15 हजार विद्यार्थी लाभान्वित*
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से जनपद के 200 प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना कराई गई है। इससे लगभग 15,000 छात्र-छात्राएं आधुनिक एवं डिजिटल शिक्षा का लाभ उठा रहे हैं।
स्मार्ट टीवी,स्क्रीन के माध्यम से बच्चों को पाठ्यक्रम से संबंधित रोचक एवं ज्ञानवर्धक वीडियो तथा डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इससे कठिन विषयों को सरल एवं रोचक ढंग से समझने में विद्यार्थियों को सहायता मिल रही है। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई के प्रति बच्चों की रुचि एवं उत्सुकता में भी वृद्धि हुई है।
*100 विद्यालयों में ओपन जिम एवं झूलों की सुविधा, 9 हजार बच्चों को लाभ*
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही जनपद के 100 प्राथमिक विद्यालयों में ओपन जिम एवं झूलों की व्यवस्था कराई गई है। इससे लगभग 9,000 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं।
ओपन जिम के माध्यम से बच्चों को विद्यालय परिसर में ही शारीरिक व्यायाम एवं खेल-कूद के अवसर मिल रहे हैं, जबकि झूलों की सुविधा से विद्यालय का वातावरण बच्चों के लिए अधिक आकर्षक एवं आनंददायक बना है। इससे बच्चों में नियमित रूप से विद्यालय आने के प्रति उत्साह बढ़ा है तथा शिक्षा के साथ-साथ उनके शारीरिक विकास पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में प्राथमिक विद्यालयों को केवल पठन-पाठन तक सीमित न रखते हुए आधुनिक शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में किए जा रहे इन प्रयासों से जनपद के प्राथमिक विद्यालयों की तस्वीर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। स्मार्ट क्लास, ओपन जिम एवं झूलों जैसी सुविधाओं से सरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए सीखने के साथ-साथ स्वस्थ, सुरक्षित एवं आनंदपूर्ण वातावरण तैयार हुआ है।