बारिश के चलते गिरा कच्चा मकान,दंपत्ति सहित तीन मासूम दबे
-मामला कन्नौज जिले के ब्लॉक उमर्दा के अंतर्गत थाना ठठिया के गांव ककरघटा का
-ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत करके मलबे से निकाले गए परिवार के सदस्य,दो बच्चों की हालत चिंताजनक
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ संदीप शर्मा
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया।जिस दौरान घटना घटी उस समय परिवार में दंपत्ति और उनके तीन बच्चे सोए हुए थे। हादसे की खबर पर गांवों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करके आनन फानन में मकान के मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला गया।उपचार के दौरान दो बच्चों की हालत चिंताजनक बनीं हुई थी।जानकारी के मुताबिक उपरोक्त गांव ककरघटा में बीते शुक्रवार की रात ग्रामीण 35 वर्षीय बृजेश अपने परिवार के सदस्य पत्नी 27 वर्षीय गुड्डी देवी,10 वर्षीय अभय,7 वर्षीय आयुष,4 वर्षीय शिवा के साथ सोए हुए थे। रात्रि साढ़े 8 बजे के करीब ग्रामीण का कच्चा मकान अचानक तेज आवाज के साथ ढह गया। मकान के मलबे में दबे लोगों की चीख पुकार और तेज आवाज की खबर पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जिसके बाद कड़ी मशक्कत करके ग्रामीणों ने मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला।आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से घायल उपरोक्त सभी परिवार के सदस्यों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। यहां उपचार के दौरान आयुष और शिवा की हालत चिंताजनक बनी ही थी।वहीं दंपत्ति और अभय का उपचार जारी था।बताते चलें कि आर्थिक स्थित सही नहीं होने के चलते उपरोक्त परिवार के सदस्य मेहनत मजूरी करके अपना और परिवार का भरण पोषण करते हैं। ब्रजेश के पास मौजूद कुछ जमीन भी गिरवी रखी हुई है। ग्रामीणों की माने तो परिवार को विगत समय में सरकारी आवास स्वीकृत हुआ था लेकिन बाद में वापस हो गया।आवास मिल जाता तो शायद एक बड़ा हादसा घटित होने से बच जाता और परिवार को जानलेवा संकट का सामना नहीं करना पड़ता।
मामले की जानकारी पर लेखपाल तपन मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी करके रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेजे जाने की बात सामने आई है।फिलहाल उपचार के दौरान जहां दो बच्चों की हालत चिंताजनक होने के चलते ग्रामीण उनकी कुशल क्षेम के लिए प्रार्थना कर रहे थे वहीं संबंधित अधिकारियों से पीड़ित परिवार की मदद की गुहार लगाई गई है।