मरीजों की सेवा पैगम्बर-ए-इस्लाम की सुन्नत:हयात ज़फर हाशमी
-जौहर एसोसिएशन ने उर्सला अस्पताल में 463 मरीजों को बांटे फल, दूध, ब्रेड व बिस्कुट
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। एमएमए जौहर फैन्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात ज़फर हाशमी की अगुवाई में मनाए जा रहे “जश्न-ए-आमद-ए-रसूल सप्ताह” के अंतर्गत उर्सला अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच सेब, केला, दूध, ब्रेड, बिस्कुट एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उर्सला अस्पताल के पुरुष वार्ड, बर्न यूनिट, बाल रोग विभाग तथा वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 5 एवं 6 सहित विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना और उनके इलाज में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल अधीक्षक से भी मुलाकात कर मरीजों से संबंधित समस्याओं के समाधान का आग्रह किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात ज़फर हाशमी ने कहा कि पैगम्बर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद ﷺ ने मरीजों की सेवा एवं देखभाल को नेक और पुण्य कार्य बताया है। उन्होंने हमेशा गरीबों, जरूरतमंदों और बीमारों की मदद करने तथा उनके प्रति संवेदना रखने का संदेश दिया। हयात ज़फर हाशमी ने कहा कि पैगम्बर-ए-इस्लाम के जन्मदिवस के अवसर पर संस्था उनके आदर्शों और शिक्षाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में आज उर्सला अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर 463 मरीजों को सेब, केला, ब्रेड, दूध, बिस्कुट एवं डेटॉल आदि वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि मानवता, प्रेम और सेवा का संदेश देने वाले पैगम्बर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं पर अमल करना ही उनके प्रति सच्ची खिराज-ए-अकीदत होगी। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंदों और मरीजों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर जावेद मोहम्मद खान, नफीस अहमद, मोहम्मद ईशान, ऊरूज हुसैन, अलीम अख्तर खान, मोहम्मद आमिर खान, शहनवाज़ अंसारी, ताबिंदा, जम्मू खान, गुलफाम, आसिफ, वारिस सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।