भारत कौशल प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 15 सितम्बर तक
*63 विभिन्न कौशलों में प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर, 16 से 21 वर्ष तक के युवा कर सकते हैं आवेदन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार भारत स्किल प्रतियोगिता-2026-27, विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता-2027 एवं विश्व कौशल प्रतियोगिता-2028 का आयोजन किया जाना है। इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। भारत स्किल प्रतियोगिता-2026-27 में प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 15 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता में 63 विभिन्न कौशलों में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक युवा स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने संबंधित विभागों एवं प्रशिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि पात्र प्रशिक्षार्थियों का अधिक से अधिक संख्या में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण कराया जाए, ताकि जिले के युवा प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी जिले के प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था।
प्रतियोगिता में आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पात्र प्रशिक्षार्थियों, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, उच्च शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में अध्ययनरत युवाओं तथा उद्योगों एवं अन्य संस्थानों में कार्यरत पात्र युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतियोगिता में पंजीकरण के लिए आयु सीमा 16 से 21 वर्ष निर्धारित है।
प्रतिभागी ऑटोमोबाइल, बेकरी, ब्यूटी, कंस्ट्रक्शन, कुकिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, हेयर ड्रेसिंग, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, होटल इंडस्ट्री, ज्वैलरी, वेब टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स, प्लम्बिंग, मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट, रेस्टोरेंट सर्विसेज, पेंटिंग, ग्राफिक डिजाइन, हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल मशीन, सीएनसी मिलिंग, सीएनसी टर्निंग, वेल्डिंग, साइबर सुरक्षा, रिन्यूएबल एनर्जी, आरएसी सहित विभिन्न कौशल क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।