जूही खुर्द में डेंगू प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित मर्दनपुरवा में शुरू कराया गया सोर्स रिडक्शन
*05 नए डेंगू संक्रमित मरीज मिले, निरोधात्मक कार्रवाई के साथ फॉगिंग और लार्वानाशक छिड़काव तेज
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहयोगी संस्था पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत के साथ जूही खुर्द क्षेत्र में डेंगू केस के संबंध में की जा रही केस-बेस्ड गतिविधियों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ब्लॉक बिधनू के बाढ़ प्रभावित ग्राम मर्दनपुरवा का भ्रमण कर स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही निरोधात्मक गतिविधियों का जायजा लिया गया।
जूही खुर्द क्षेत्र में मलेरिया निरीक्षक सीमा गौतम के नेतृत्व में टीम द्वारा केस-बेस्ड गतिविधियों के अंतर्गत सोर्स रिडक्शन, लार्वीसाइडल स्प्रे, बुखार सर्वेक्षण, इनडोर स्पेस स्प्रे, आवश्यक जांच तथा जनजागरूकता संबंधी कार्य किए जाते पाए गए। टीम को क्षेत्र में डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक सभी निरोधात्मक गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बाढ़ प्रभावित ग्राम मर्दनपुरवा में बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थल का निरीक्षण कर वहां सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां प्रारंभ कराई गईं। आश्रय स्थल पर रह रहे लोगों को मच्छरों से बचाव के उपायों तथा सोर्स रिडक्शन की उपयोगिता के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता प्रदान की गई। साथ ही नगर निगम से समन्वय स्थापित कर संबंधित क्षेत्रों में विशेष रूप से सायंकालीन फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में आज डेंगू के 05 नए कन्फर्म धनात्मक रोगी जूही खुर्द, पनकी, अफीमकोठी, गणेश नगर रावतपुर तथा गदनपुर चुरसा (बिल्हौर ब्लॉक) क्षेत्र में पाए गए। संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई।
शहरी क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इनडोर स्पेस स्प्रे और नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे कराया गया। इसके अलावा क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग ने जनमानस से अपील की है कि घरों एवं आसपास पानी एकत्र न होने दें और लार्वा पनपने वाले सभी संभावित स्थानों की नियमित रूप से सफाई करें। जलभराव वाले स्थानों पर विभागीय निर्देशानुसार आवश्यक उपाय अपनाएं। मच्छरों से बचाव के लिए प्राकृतिक मॉस्किटो रिपेलेंट क्रीम का प्रयोग करें तथा शरीर के अधिकांश हिस्से को कपड़ों से ढककर रखें। साथ ही वाहक जनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के लिए सावधानी बरतने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
जनमानस को संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 संचालित हैं। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम में भी हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 संचालित हैं। इन नंबरों पर संचारी रोगों से संबंधित सूचना अथवा शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर संबंधित टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।