बारिश में दलदल बनी गांव की पक्की सड़क, कीचड़ व जलभराव से ग्रामीण बेहाल
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा हमीरपुर - मौदहा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम परछछ में बारिश के बाद गांव की पक्की सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थिति यह है कि पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन से निकलना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ फैलने से हालात और खराब हो जाते हैं। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ के कारण बाइक फिसलने का खतरा बना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति और जल निकासी की समस्या से जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा सड़क पर जमा गंदगी और कीचड़ की सफाई कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा गोबर आदि फेंके जाने से आवागमन और प्रभावित होता है तथा कई बार रास्ता संकरा और अवरुद्ध हो जाता है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चों का भी आवागमन होता है, जिससे उन्हें कीचड़ और गंदगी के बीच निकलने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित जिम्मेदारों से शीघ्र सड़क की सफाई कराने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।