ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग का संयुक्त चला अभियान, 120 वाहनों का चालान
- सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा' के तहत ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव और बिना हेलमेट, सीटबेल्ट वालों पर कसा शिकंजा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने पर कुल 120 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।कानपुर आरटीओ (मंडल प्रवर्तन) राहुल श्रीवास्तव के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत ओवरस्पीडिंग, त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट, बिना सीटबेल्ट, बिना हेलमेट, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, ड्रंक एंड ड्राइव और रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। *सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा* अभियान सरकार द्वारा नियमित रूप से संचालित करवाया जा रहा है, जिसके क्रम में कानपुर परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम पूरी तरह से सक्रिय हो कर सड़कों पर चेकिंग कर रही है। यही नहीं कार्यवाही के साथ ही आम जन मानस को सड़क सुरक्षा यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी कर रही है। इस अभियान में पीटीओ दीपक सिंह, अनिल कुमार, ट्रैफिक एसआई व यातायात पुलिस कर्मी मौजूद रहे।