आईआईटी कानपुर के प्रोफ़ेसर को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से किया गया सम्मानित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी कानपुर) के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ को शिक्षण, शोध और संस्थान के विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 5 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किया गया। इस वर्ष देशभर के 21 शिक्षकों को यह सम्मान दिया गया। प्रोफेसर रथ वर्ष 2004 से आईआईटी कानपुर से जुड़े हुए हैं और वर्ष 2014 से रसायन विज्ञान विभाग में पूर्ण प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनका शोध इस बात को समझने पर केंद्रित है कि प्रोटीन में मौजूद बहुत छोटे लौह (आयरन) युक्त केंद्र किस प्रकार जीवित कोशिकाओं को ऑक्सीजन का उपयोग करने, ऊर्जा बनाने और जीवन के लिए आवश्यक रासायनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में मदद करते हैं।उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में 165 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 27 पीएचडी शोधार्थियों, 40 स्नातकोत्तर (मास्टर) विद्यार्थियों और 25 पोस्ट-डॉक्टोरल शोधकर्ताओं ने अपना शोध कार्य पूरा किया है। शिक्षण और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन प्रोफेसर रथ के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने आईआईटी कानपुर में स्नातक छात्रों के लिए "इनऑर्गेनिक मॉलिक्यूल्स, मैटेरियल्स एंड मेडिसिन" नामक वैकल्पिक पाठ्यक्रम तैयार किया है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से वे छात्रों को यह समझाते हैं कि रसायन विज्ञान का हमारे दैनिक जीवन और शरीर की विभिन्न प्रक्रियाओं से क्या संबंध है। उन्होंने आईआईटी के प्रिपरेटरी कोर्स में भी पढ़ाया है, जिसका उद्देश्य वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक नींव को मजबूत करना है।
|