पीएलवी गणेश सिंह ने मध्यस्थता एवं लोक अदालत के लाभों के संबंध में दी जानकारी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर, हमीरपुर। जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार राय के कुशल मार्गदर्शन में एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) / सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल जी के कुशल दिशा निर्देशन में ज्योतिराव विद्यामंदिर विद्यालय सुमेरपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) गणेश सिंह ने मध्यस्थता एवं लोक अदालत के लाभों के संबंध में विस्तृत विधिक जानकारी दी। उन्होंने सर्वप्रथम मध्यस्थता की जानकारी देते हुए बताया कि अदालत का दरवाजा खटखटाने से पहले पक्षों के लिए नागरिक या वाणिज्यिक विवादों को मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सुलह-समझौता से सुलझाया जाता है। यह फैसला अंतिम तथा बाध्यकारी होता है। इलेक्ट्रॉनिक-माध्यमों या वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए ऑनलाइन मध्यस्थता को मध्यस्थता अधिनियम 2023 मान्यता प्रदान करता है। पीएलवी गणेश सिंह ने लोक अदालत के लाभों का जिक्र करते हुए बताया कि लोक अदालत में मामला दर्ज कराने के लिए कोई शुल्क नहीं लगता है। यहां मामलों की सुनवाई एक ही बैठक में हो जाती है। त्वरित न्याय मिल जाता है। वकीलों को फीस पर पैसा खर्च करने की आवश्यकता नहीं होती है। लोक अदालत का निर्णय दोनों पक्षों के लिए बाध्यकारी होता है। इसके फैसले के खिलाफ किसी अदालत में अपील नहीं की जा सकती है। मामलों का हल आपसी समझौते और रजामंदी से होता है। जिससे पक्षों के बीच पुराना मनमुटाव खत्म हो जाता है और सामाजिक संबंध सुधरते हैं। इससे नियमित अदालतों में लंबित मुकदमों की संख्या कम होती है। पीएलवी गणेश सिंह ने इस अवसर पर पोस्टर एवं पंपलेट बांटकर आगामी 12 सितंबर शनिवार को हमीरपुर जनपद मुख्यालय में लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार किया। पीएलवी गणेश सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक लोन रिकवरी, श्रम विवाद, चेक बाउंस या पारिवारिक विवाद आदि मामले निस्तारित किए जाते हैं। वादकारी इसका लाभ उठा सकते हैं। इस अवसर पर शिक्षक कैलाश सोनी, शिक्षक हरीराम गुप्त, विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रपाल प्रजापति ने भी उपयोगी जानकारी दी। शिक्षक वीर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी अमरकांत बौद्ध, शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं आमजन उपस्थित रहे।