विश्व ओजोन दिवस पर हुई क्विज प्रतियोगिता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में एस.जे.महाविद्यालय रमईपुर, में "अन्तर महाविद्यालीय क्विज प्रतियोगिता" का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के विज्ञान विभाग तथा भूगोल विभाग संयुक्त सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डाॅ सुबोध कटियार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ओजोन परत के महत्व, ओजोन क्षरण, पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा पर्यावरण से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपने ज्ञान एवं जागरूकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी विकिरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही ओजोन परत के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. आर. एस. शर्मा ने विद्यार्थियों को विश्व ओजोन दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जागरूकता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विज्ञान विभाग तथा भूगोल विभाग के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के अंत में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
|