बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने किया निरीक्षण, निरोधात्मक गतिविधियों का लिया जायजा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, लैब टेक्निशियन गणेश चन्द्र शंखवार, सहयोगी संस्था PATH के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत एवं जनपदीय टीम द्वारा ब्लॉक कल्याणपुर के बाढ़ प्रभावित ग्राम बनियापुरवा, लवकुश नगर (सिंघपुर) एवं ग्राम औरा (मंधना) में स्वास्थ्य शिविरों एवं निरोधात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन तथा अन्य गतिविधियों का भौतिक सत्यापन करते हुए लोगों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
*डेंगू-मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई, 922 घरों का सर्वेक्षण*
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, ओआरएस पैकेट एवं क्लोरीन टैबलेट वितरित करने तथा सोर्स रिडक्शन की गतिविधियों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम से समन्वय कर संबंधित क्षेत्रों में विशेष रूप से शाम के समय फॉगिंग कराने के लिए भी निर्देशित किया गया। टीम ने जीआईसी चुन्नीगंज का निरीक्षण कर बुखार रोगियों की जांच कराई तथा पुनः स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
जनपद के घाटमपुर, मंधना, लाटूश रोड एवं गायत्री नगर (सनिगवां) से डेंगू तथा रेवन्ना (घाटमपुर) से मलेरिया का एक-एक प्रकरण पोर्टल पर सूचित हुआ, जिन पर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई पूरी करा दी गई है। विभिन्न क्षेत्रों में 922 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें 16 घर लार्वा धनात्मक पाए गए और सभी में लार्वा नष्ट कराया गया। साथ ही एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, लार्वानाशक छिड़काव एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। लोगों से घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने, जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक रूप से जला हुआ मोबिल ऑयल/केरोसिन ऑयल डालने, प्राकृतिक मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने तथा शरीर के अधिकांश हिस्से को कपड़ों से ढककर रखने की अपील की गई।
बनियापुरवा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 42 सामान्य मरीजों की जांच की गई तथा 12 मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच की गई।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना एवं जानकारी के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है।