नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : डॉ. अलका तोमर
जिला संवाददाता बुद्धसेन कश्यप
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस पीलीभीत। मेरा युवा भारत, पीलीभीत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत पुष्प कॉलेज, पीलीभीत में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 युवाओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. अलका तोमर, प्रोफेसर, पुष्प कॉलेज ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, पीलीभीत शिवम शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने रचनात्मक एवं प्रभावशाली स्लोगनों के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति/पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा नशामुक्ति की शपथ ली गई तथा स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया।
मेरा युवा भारत, पीलीभीत द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।