किसानों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर । किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को किसानों की ओर से जिलाधिकारी कानपुर नगर को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि कई नहरों और माइनरों की समुचित सफाई न होने के कारण किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों ने हलुआरवाड़ा से आने वाली बौसर माइनर, नरोका माइनर, विजरपुर माइनर, पालो माइनर, सुभौली माइनर सहित अन्य माइनरों की सफाई कराकर उनमें पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग की। किसानों ने अन्ना पशुओं की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि खुले में घूम रहे अन्ना पशु किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मांग की गई कि अन्ना पशुओं को तत्काल पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए, ताकि किसान अपनी फसलों को सुरक्षित रख सकें।ज्ञापन में सहकारी समितियों पर यूरिया एवं अन्य आवश्यक खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की भी मांग की गई। इसके साथ ही किसानों की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दिए जाने की मांग रखी गई वहीं, खंड विकास क्षेत्र कल्याणपुर के अंतर्गत आने वाले गांवों में अन्ना पशुओं को तत्काल पकड़वाने की मांग भी जिलाधिकारी से की गई। किसानों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके।ज्ञापन देने वालों में मुरुप्रसाद, सचिन, राधेश्याम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
|