नवनियुक्त प्रभारी ने कार्यकर्ताओं की बैठक में जोश भरते हुए आर्यनगर और सीसामऊ जीतने का लिया संकल्प
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। भाजपा उत्तर के नवनियुक्त जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री अनिल यादव की प्रथम परिचय बैठक उत्तर भाजपा कार्यालय, नवीन मार्केट में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय तथा बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी अनिल यादव ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ संगठन के विस्तार और जनसंपर्क अभियान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से आर्यनगर और सीसामऊ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की जीत के लक्ष्य को लेकर एकजुट होकर काम करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और प्रत्येक बूथ पर प्रभावी संपर्क है।जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रत्येक बूथ तक और प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, सीमा एमबीए, मंत्री वास्ते त्रिपाठी, किरन तिवारी, सुरेंद्र गुप्ता, शालिनी कटियार, मोनेन्द्र राजपूत, विनोद पाल, कोषाध्यक्ष रमिंदर सिंह, रामजी गुप्ता, राधा सैनी, राजेश चौहान, अंशु ठाकुर, सुरेश गुप्ता, प्रभाकर अवस्थी, पूनम कंवर, जिशान अहमद, सोनू राठौर, अभिमन्यु सक्सेना, यश जायसवाल, स्पर्श कटियार, मंडल अध्यक्ष योगेश पांडे, रमाशंकर अग्रहरि, अनंत मिश्रा, इंद्रजीत खन्ना, आशीष तिवारी, राघव द्विवेदी, अनुराग त्रिपाठी, रवि सिंह आदि उपस्थित रहे।
------------------------------------------------
सीएमओ द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण में पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले -साफ-सफाई एवं औषधियों के रखरखाव में मिली कमियां, वेतन रोकने के निर्देश |फोटो-04कानपुर | मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानकारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक, एएनएम एवं सपोर्ट स्टाफ सहित तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इसके उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुश्ता का निरीक्षण किया गया, जहां लैब टेक्नीशियन एवं सपोर्ट स्टाफ सहित दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई तथा चिकित्सालय परिसर में झाड़ियां उगी हुई थीं। औषधियों के रखरखाव की व्यवस्था भी उचित नहीं मिली। डीवीडीएमएस पोर्टल पर औषधियों के रखरखाव एवं खारिज किए गए विवरण का अंकन भी नहीं पाया गया। साथ ही, चिकित्सा अधीक्षक द्वारा कई माह से स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण नहीं किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए समस्त कर्मियों का आज का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा अधीक्षक, शिवराजपुर को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्रों का स्वयं निरीक्षण कर औषधियों के उचित रखरखाव तथा डीवीडीएमएस पोर्टल पर संबंधित विवरण दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, चिकित्सालय परिसर में उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराकर अनुपालन आख्या प्रेषित करने के निर्देश दिए।