राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन में वंचित समाज के अधिकारों की उठाई मांग
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा हमीरपुर l सामाजिक न्याय एवं वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संविधानवादी साथियों ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मौदहा के माध्यम से भेजा। ज्ञापन में पिछड़े, अति-पिछड़े, दलित एवं आदिवासी समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक उत्थान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की गई।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय एवं गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार देता है। इसके बावजूद वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार, प्रतिनिधित्व और सामाजिक स्तर पर विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में उच्च शिक्षण संस्थानों में आरक्षण एवं प्रतिनिधित्व से संबंधित यूजीसी नियम 2026 को प्रभावी रूप से लागू करने, मंडल आयोग की शेष सिफारिशों को लागू करने, निजी क्षेत्र में एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्गों के लिए प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा ओबीसी के लिए पृथक कॉलम के साथ जातीय जनगणना कराने की मांग की गई। इसके अलावा ईडब्ल्यूएस आरक्षण की समीक्षा, दलितों एवं आदिवासियों के साथ होने वाले भेदभाव व अत्याचार की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई तथा संबंधित कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 15(4), 15(5), 16(4), 340, 341 एवं 342 का उल्लेख करते हुए सामाजिक न्याय के संवैधानिक लक्ष्य को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई। इस दौरान संदीप बाल्मीकि, श्याम सुंदर, फिरोज पठान, सत्तार, जगराम वर्मा, विष्णू कांत, मोहित माही, अंकित माधुपिया, गया प्रसाद सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।