शिक्षक पर दबंगों का कहर! बेल्ट-लात घूंसों से जमकर पीटा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज़
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सरीला, हमीरपुर l जलालपुर थाना क्षेत्र में एक शिक्षक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में आधा दर्ज़न से अधिक दबंग शिक्षक को बेल्ट और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान ज्ञानवली शिवहरे पुत्र रामाधार शिवहरे निवासी मनकहरी, थाना जरिया के रूप में हुई है। शिक्षक ने इस संबंध में 9 अगस्त 2026 को जलालपुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर योगेन्द्र सिंह उर्फ छोटू, अरुण कुमार, शिवेन्द्र कुमार सहित 7-8 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 117(2) बीएनएस बढ़ाई गई, जबकि धारा 191(2) व 3(5) बीएनएस हटा दी गई। पुलिस के मुताबिक योगेन्द्र सिंह उर्फ छोटू और शिवेन्द्र कुमार के खिलाफ धारा 126(2), 115(2), 352, 351(3) व 117(2) बीएनएस में आरोप पत्र संख्या 102/2026, 19 सितंबर को न्यायालय भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की अब अलग से जांच की जा रही है। वीडियो पहले विवेचक को उपलब्ध नहीं कराया गया था। वर्तमान में पीड़ित से वीडियो और घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।