1 अक्टूबर को ग्रीन पार्क में लगेगा रक्तदान शिविर
*नागरिकों, खिलाड़ियों व खेलप्रेमियों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर, 29 सितंबर। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कानपुर एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 1 अक्टूबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कानपुर के अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर करेंगे।
रक्तदान शिविर ग्रीन पार्क स्टेडियम के डायरेक्टर पवेलियन के ऊपर प्रथम तल स्थित पार्क साइड में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा। रक्तदान के इच्छुक नागरिक गेट नंबर 10-बी से प्रवेश कर शिविर में सहभागिता कर सकते हैं।
आयोजकों ने रोटरी क्लब कानपुर सूर्य के सदस्यों के साथ ही शहरवासियों, सामाजिक संगठनों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
रक्तदान करें—जीवन बचाएं।