दलालों पर बड़ा शिकंजाः सुरक्षा में 06 होमगार्ड तैनात, अराजक तत्वों का प्रवेश पूरी तरह बंद
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। आरटीओ कार्यालय कानपुर नगर की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और आम आवेदकों को बिचौलियों से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। आरटीओ (प्रशासन) राकेन्द्र कुमार सिंह, आरटीटो (प्रवर्तन) राहुल श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रशासन) श्रीमती कहकशां खातून और मोटरयान निरीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से आरटीओ कार्यालय परिसर का गहन निरीक्षण किया।बीते दिनों परिसर में एक बिचौलिये द्वारा महिला से मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ (प्रशासन) कहकशां खातून ने कानपुर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर से सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस मांग पर तत्परता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने कार्यालय की सुरक्षा हेतु 06 होमगार्ड जवान तैनात कर दिए हैं। इन होमगार्डों को परिसर के बाहरी दोनों मुख्य द्वारों, भीतरी मुख्य द्वार, साइड गेट और सारथी भवन द्वार पर मुस्तैदी से तैनात कर दिया गया है। एआरटीओ प्रशासन कहकशां खातून ने स्पष्ट किया कि कार्यालय में किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दलालों व अराजक तत्वों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित कर दिया गया है। इसके साथ ही परिसर के अंदर बिना अनुमति के अस्थाई दुकानें चलाने वालों और सामान फैलाकर बैठने वालों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। प्रशासन के इस कड़े रुख से अब आरटीओ कार्यालय में आने वाले आम आवेदकों को बिना किसी परेशानी और दलालों के डर के पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।
|