रिफॉर्म उत्सव से जन-जन तक पहुंचेंगे जलागम विकास एवं संरक्षण कार्य
*पांच जलागम परियोजनाओं में ग्राम सभाओं के माध्यम से बढ़ेगी जनभागीदारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर। भूमि संरक्षण अधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने अवगत कराया कि जनपद कानपुर नगर के घाटमपुर क्षेत्र में चयनित पांच जलागम परियोजना क्षेत्रों में जलागम विकास सुधार कार्यों को ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 02 अक्टूबर, 2026 से ‘‘रिफॉर्म उत्सव’’ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्राम सभाओं में जनभागीदारी बढ़ाने के साथ ही जल एवं मृदा संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भारत सरकार के सहयोग से जलागम विकास कार्यक्रम में किए गए सुधारों को ग्रामीण समुदाय तक पहुंचाने तथा सामुदायिक सहभागिता एवं स्वामित्व को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जल एवं मृदा संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूमि सुधार, वृक्षारोपण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। यह अभियान जन योजना अभियान (पीपीसी) ‘‘सबकी योजना, सबका विकास’’ के साथ समन्वयित रूप से संचालित होगा।
अभियान की शुरुआत 02 अक्टूबर को चयनित ग्राम पंचायतों परास, बाबन, कोरिया, गोपालपुर एवं शाखाहारी में की जाएगी। इसके बाद 05 से 09 अक्टूबर तक परियोजना स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘‘रिफॉर्म को फाइल से लाइफ तक ले जाने का प्रयास’’
रिफॉर्म उत्सव के माध्यम से जलागम योजनाओं में किए गए सुधारों को केवल अभिलेखों तक सीमित न रखते हुए उनका वास्तविक लाभ ग्रामीण परिवारों और किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। ग्राम सभाओं में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, मृदा संरक्षण, भूमि उपचार, वृक्षारोपण, कृषि विविधीकरण तथा जलागम गतिविधियों से होने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, सफल कार्यों और लाभान्वित किसानों की सफलता की कहानियां साझा कर अन्य किसानों को भी इन गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
भूमि एवं जल संरक्षण सामुदायिक सहभागिता का विषय है। भूमि संरक्षण अधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने जलागम क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं से अपील की है कि वे रिफॉर्म उत्सव में अधिक से अधिक सहभागिता कर जल एवं मृदा संरक्षण के इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
जल बचाएं, मिट्टी बचाएं—जलागम क्षेत्र को समृद्ध बनाएं।