जवानों एवं विद्यार्थियों ने अटल घाट पर चलाया सफाई अभियान
- गंगा हमारी आस्था,संस्कृति और जीवन का आधार: सूबेदार रणवीर सिंह
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत गंगा टास्क फोर्स द्वारा अटल घाट कानपुर में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में सेठ मोतीलाल खेड़िया इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन चंदोला रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ गंगा घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर सिंह के नेतृत्व में गंगा टास्क फोर्स के जवानों एवं विद्यालय के विद्यार्थियों ने मिलकर अटल घाट परिसर में सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान घाट पर पड़े कूड़े-कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया तथा लोगों को गंगा में कूड़ा न डालने और घाट की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया सूबेदार रणबीर सिंह ने कहा कि गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। गंगा की निर्मलता और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की।अभियान के दौरान गंगा टास्क फोर्स ने विद्यार्थियों और घाट पर उपस्थित लोगों को “स्वच्छ गंगा–स्वच्छ घाट” का संदेश देते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया