नवमी पर मातृशक्तियां करेंगी महा तर्पण,अजन्मी बेटियों के लिए होगा पिंडदान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। पितृपक्ष के अवसर पर आगामी चार अक्टूबर को सरसैया घाट पर मातृशक्तियों की ओर से महा तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें गर्भ में ही मारी गई अजन्मी बेटियों के मोक्ष की कामना के लिए तर्पण और पिंडदान किया जाएगा। कार्यक्रम में देहदानियों और अमर शहीदों के लिए भी जलदान एवं तर्पण किया जाएगा।कार्यक्रम के संयोजक मनोज सेंगर ने शुक्रवार को विरहाना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सामान्य रूप से महिलाओं के तर्पण करने को लेकर कई तरह की मान्यताएं प्रचलित हैं। इन धारणाओं के बीच युग दधीचि संस्थान की ओर से वर्ष 2011 से पितृपक्ष में सार्वजनिक रूप से तर्पण का आयोजन किया जा रहा है। उनका कहना था कि वैदिक परंपरा में महिलाओं की भूमिका और अधिकारों की स्मृति को पुनर्जीवित करने की दिशा में यह एक प्रयास है।उन्होंने बताया कि चार अक्टूबर को सुबह 10 बजे सरसैया घाट पर कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व महापौर जगतवीर सिंह द्रोण और विधायक नीलिमा कटियार दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे। मुख्य पूजन नंदिता मिश्रा, भावना महाना और डॉ. अलका दीक्षित करेंगी। देवपूजन महिला आयोग की सदस्य डॉ. अनीता गुप्ता, डॉ. सीमा श्रीवास्तव और साधना महाना द्वारा किया जाएगा।महा आरती में गोल्डी मसाले के निदेशक सुरेंद्र कुमार गुप्ता, मनोज अग्रवाल और डॉ. उमेश पालीवाल शामिल होंगे। गायत्री परिवार की बहनों के साथ शहर की कई विदुषी महिलाएं भी कार्यक्रम में भाग लेकर तर्पण करेंगी।पत्रकार वार्ता में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव महाना, धर्म संघ के संयोजक पं. शेष नारायण द्विवेदी, पूर्व सीएमओ डॉ. वी.सी. रस्तोगी और अनिल राय मौजूद रहे।
|