जनपद में धूमधाम एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती
-जनपद में हुए विविध सेवा, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर जनपद में विभिन्न राष्ट्रभक्ति, सेवा, स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः निर्धारित समय पर शासकीय एवं गैर-शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् का गायन किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी हमीरपुर अशोक कुमार ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान रामधुन एवं देशभक्ति के गीतों के बीच अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं राष्ट्रसेवा में उनके योगदान को स्मरण किया।
*सत्य, अहिंसा, सादगी एवं अंत्योदय को शासकीय कार्यों का आधार बनाने का आह्वान*
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह के माध्यम से देश को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया, वहीं शास्त्री जी ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश से राष्ट्र के प्रति सेवा एवं समर्पण की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों को अपने जीवन एवं शासकीय दायित्वों में आत्मसात किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 2.13 लाख से अधिक किसानों को ₹717.13 करोड़ से अधिक की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा चुकी है। पीएम एवं सीएम आवास योजना के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 40 हजार से अधिक पक्के आवास निर्मित किए जा चुके हैं। सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत 54 हजार से अधिक बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन तथा 18 हजार से अधिक निराश्रित महिलाओं को नियमित पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने का कार्य जारी है। यमुना, बेतवा एवं रोहन नाले पर त्रि-सेतु का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पतौरा डांडी एवं हरौलीपुर परियोजनाओं के माध्यम से 324 गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में परिषदीय विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं मिड-डे मील की व्यवस्था के साथ 160 विद्यालयों को मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है।
*गांधी जी के राठ आगमन की स्मृति में कलेक्ट्रेट परिसर में रोपे गए 29 पौधे*
वर्ष 1929 में महात्मा गांधी जी के राठ आगमन की ऐतिहासिक स्मृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में 29 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। जिलाधिकारी की उपस्थिति एवं निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं ऐतिहासिक स्मृतियों को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर प्रभातफेरी एवं पदयात्रा, विशेष स्वच्छता अभियान, खेलकूद एवं दौड़ प्रतियोगिताएं, फल वितरण, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर तथा सर्वधर्म प्रार्थना एवं रामधुन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांधी पार्क में गांधी दर्शन एवं उनके विचारों पर विचार-विमर्श किया गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में वाद-विवाद, रंगोली, मेहंदी, चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव के अंतर्गत नवजात बालिकाओं एवं उनकी माताओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, मलिन बस्तियों एवं नदी घाटों की साफ-सफाई की गई।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जनपद को स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्रीमती रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी आदर्श कुमार, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।