गांधी-शास्त्री जयंती पर चिकित्सा सेवा के मूल्यों का संकल्प
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद चिकित्सकों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आर के सिंह ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देता है और चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण संदेश है।डॉ. डॉली रस्तोगी ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का उल्लेख किया। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश की प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि शास्त्री का जीवन ईमानदारी और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल है।मेडिकल कॉलेज की उप-प्राचार्य डॉ. ऋचा गिरी ने उपस्थित चिकित्सकों और कर्मचारियों को देश सेवा, स्वच्छता तथा कर्तव्य के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों को केवल समारोहों तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन और चिकित्सा सेवा में अपनाने की आवश्यकता है।कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष बर्मन ने किया। समारोह में डॉ. सुमन वर्मा, डॉ. सीमा द्विवेदी, डॉ. जे.एस. कुशवाहा, पूर्व विभागाध्यक्ष बाल रोग डॉ. यशवंत राव, पूर्व विभागाध्यक्ष जच्चा बच्चा डॉ. नीना गुप्ता और विभागाध्यक्ष ब्लड बैंक डॉ. लुबना खान सहित 94 वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मरीजों की निस्वार्थ सेवा और देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
|