जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ग्राम चकदहा एवं मकरांव में जन चौपाल आयोजित
-ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। तहसील एवं विकासखंड मौदहा के अंतर्गत ग्राम पंचायत चकदहा एवं मकरांव में जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, कृषि विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं पात्रता की जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई।
जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा मौके पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का सीधे लाभार्थियों के माध्यम से धरातलीय सत्यापन करना और ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करना था।
*सड़क को सात दिन में गड्ढामुक्त करने के निर्देश
ग्रामीणों द्वारा मौदहा से चकदहा बसवारी रोड पर लगभग 20 से 23 किलोमीटर की दूरी में कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे एवं सड़क उखड़ने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसी दिन शाम तक सड़क पर भरे गए एवं शेष गड्ढों की संख्या का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा सात दिनों के भीतर पूरी सड़क को गड्ढामुक्त कराया जाए।
*पेयजल व्यवस्था एवं हैंडपंपों की मरम्मत
ग्रामीणों ने नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत न होने तथा हर घर जल योजना के तहत नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर सप्ताह में केवल एक दिन पानी की आपूर्ति हो रही है। जिलाधिकारी ने जल निगम के जेई एवं ऑपरेटर को प्रतिदिन सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, गांव में चार स्थानों पर खराब पड़े हैंडपंपों को अगले दो दिनों में ठीक कराने के निर्देश एडीओ पंचायत व बीडीओ को दिए गए।
*राशन वितरण व्यवस्था एवं पारदर्शी आपूर्ति
ग्रामीणों द्वारा राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत करते हुए बताया गया कि अंगूठा लगवाने के दो-तीन दिन बाद राशन दिया जाता है तथा प्रति यूनिट लगभग आधा किलो राशन कम तौले जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने बांट-माप निरीक्षक को कांटा मशीन एवं तौल की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अंगूठा लगने के बाद उसी दिन निर्धारित मात्रा में पूरा राशन पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। चौपाल के दौरान किसी भी ग्रामीण द्वारा कोटेदार के खिलाफ
शिकायत न किए जाने पर राशन वितरण पारदर्शी एवं सही तौल में मिलना सत्यापित भी किया गया।
*आंगनवाड़ी केंद्र पर व्यवस्था एवं पुष्टाहार की जांच
किशनपुरवा आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को भोजन उपलब्ध न कराए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सीडीपीओ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने तथा एक सप्ताह के भीतर बच्चों को निर्धारित भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध स्पष्टीकरण की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र से वितरित होने वाले पुष्टाहार में कीड़े होने की शिकायत पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) को तुरंत मौके पर जाकर जांच करने, खराब पुष्टाहार वापस कराने और जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
*तालाब का सीमांकन, अतिक्रमण हटाने एवं जल निकासी के निर्देश
चकदहा में ग्रामीणों ने लगभग तीन एकड़ क्षेत्रफल वाले तालाब के अतिक्रमण के कारण सिमटकर करीब डेढ़ एकड़ रह जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को तालाब की नाप-जोख कराकर तत्काल सीमांकन एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, गौशाला मार्ग पर जलभराव की शिकायत पर उप जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे परसों टीम भेजकर जल निकासी का स्थायी प्रबंध सुनिश्चित करें, जिससे ग्रामीणों व गौशाला आवागमन में कोई असुविधा न हो।
*बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा एवं सहायता
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि विगत दिनों हुई तीन दिनों की लगातार बारिश के कारण जिन 14 ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका सर्वे लेखपालों द्वारा पूर्ण कर लिया गया है तथा संबंधित राहत राशि आज या सोमवार तक सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अन्य ग्रामीण का मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है, तो वे तत्काल लेखपाल या कानूनगो को अपना नाम नोट करवा दें ताकि उनकी जांच कराई जा सके।
*गौशाला का सत्यापन एवं किसान सम्मान निधि
गौशाला में पशु न होने की शिकायत पर अधिकारियों की टीम भेजकर कराई गई जांच में 200 से अधिक पशु पाए जाने पर शिकायत असत्य पाई गई। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की रुकी हुई किस्तों के संबंध में बताया गया कि संबंधित किसान उप कृषि निदेशक व जिला कृषि अधिकारी से संपर्क कर अपनी कागजी कमियों व सत्यापन को दूर करा लें, जिससे उनकी निधि पुनः जारी हो सके।
*शासकीय सेवाओं की समय-सीमा एवं डिजिटल जनगणना (2026-27)
चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शासकीय सेवाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि अब जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की पूरी व्यवस्था ऑनलाइन हो चुकी है और पंचायत सेक्रेटरी को केवल घटना के 21 दिनों के भीतर ही प्रमाण पत्र जारी करने का अधिकार है, इसलिए ग्रामीण समय से आवेदन करें तथा पेंशन व अन्य आवेदनों में केवल सत्य जानकारी ही भरें।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने आगामी डिजिटल जनगणना (2026-27) की जानकारी देते हुए बताया गया कि मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और 16 से 30 नवंबर तक मोबाइल ऐप के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके बाद 1 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे।
*विद्युत व्यवस्था की जानकारी*
जन चौपाल में ग्राम पंचायत चकदहा की विद्युत व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। बताया गया कि ग्राम पंचायत विद्युतीकृत है तथा यहां 325 विद्युत कनेक्शन एवं पांच ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। वर्तमान में किसी भी ट्रांसफार्मर के खराब होने की जानकारी नहीं है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अलका शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।