बैंक ऑफ इंडिया में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित
*डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।बैंक ऑफ इंडिया, कानपुर के आंचलिक कार्यालय में सोमवार को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्राहकों एवं बैंक स्टाफ को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेन-देन तथा बढ़ते साइबर अपराधों, विशेष रूप से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में आंचलिक प्रबंधक अभय कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई, आरबीआई अथवा अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बनकर फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को डराते-धमकाते हैं और धनराशि स्थानांतरित करने का दबाव बनाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी या जांच एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर धनराशि जमा कराने के लिए नहीं कहती। ऐसी कॉल आने पर घबराने के बजाय तत्काल कॉल काटकर संबंधित अधिकारियों अथवा परिजनों से संपर्क करें
उन्होंने लोगों से ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड का विवरण, पिन, सीवीवी, पासवर्ड तथा बैंक खाते या इंटरनेट बैंकिंग से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री जन-धन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी भी दी गई।
उप आंचलिक प्रबंधक मदन सिंह नपलच्याल ने सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के लिए मजबूत पासवर्ड रखने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अनजान मोबाइल एप डाउनलोड न करने तथा सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह दी। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बैंक के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।