टायर फटने से अनियंत्रित लोडर पलटा,सड़क पर बिखरी मछलियां
-मामला कन्नौज जिले के छिबरामऊ के निकट चौकी सिकंदरपुर के सदारी नगला गांव के पास का
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ संदीप शर्मा
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।करीब पांच क्विंटल के करीब मछलियों को लाद कर आ रहा एक लोड़र टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया।जानकारी के मुताबिक फर्रुखाबाद जिले के मोहम्दाबाद से मछलियों के बाक्सों को लोड करने के बाद लोडर चालक गुरसहायगंज मंडी आने के लिए रवाना हुआ था। लोडर पर मछली व्यापारी भी मौजूद थे। बुधवार को जैसे ही लोडर सिकंदरपुर पुलिस चौकी के निकट सदारी नगला गांव के निकट पहुंचा,इसी दौरान लोडर का टायर फट गया। टायर फटने से अनियंत्रित हुआ लोडर सड़क पर ही पलट गया।लोडर पलटने से उस पर बाक्सों में मौजूद मछलियां सड़क पर बिखर गईं। मामले की जानकारी पर आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। इस बीच कुछ लोग कुछ मछलियां लेकर भी खिसक गए।वहीं लोगों ने व्यापारी की मछलियों को इकट्ठा करवाने में भी मदद की। मामले की जानकारी पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची।लोडर चालक और व्यापारी के मुताबिक गाड़ी में करीब पांच क्विंटल मछलियां मौजूद थीं।सड़क पर बिखरी मछलियां के कारण उपरोक्त मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को भी रुक रुक कर निकलना पड़ा। वहीं वाहनों पर बैठे लोग भी सड़क पर बिखरी मछलियों को देखने से पीछे नहीं रहे।स्थानीय पुलिस की देखरेख में लोगों की मदद से सड़क पर फैली मछलियों को इकट्ठा किया जा सका।