डीबीएस कॉलेज में रोजगार मेले का आयोजन, 39 कंपनियों ने लिया..
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। डीबीएस कॉलेज और प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 39 कंपनियों ने हिस्सा लेकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शहर के सांसद रमेश अवस्थी ने युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि गोविंद नगर के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने रोजगार मेलों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते -हुए युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की संरक्षिका मेघना श्रीवास्तव ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ युवाओं का उद्योग जगत से जुड़ना वर्तमान समय की आवश्यकता है। रोजगार मेले युवाओं को इस दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। रोजगार मेले में स्वास्थ्य सेवा, वित्तीय सेवाओं, खाद्य आपूर्ति और अन्य क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया। इनमें पुखराज हेल्थ केयर, पारस हेल्थ केयर लिमिटेड, सुपर क्लाउड प्राइवेट लिमिटेड, कृष्णा मारुति, जोमैटो और हिटैची कैश मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड सहित 39 कंपनियां शामिल रहीं। कार्यक्रम के संयोजन में डॉ. अमित तिवारी, डॉ. सर्वेश कुमार कुशवाहा, डॉ. तृप्ति बिसारिया, डॉ. सुनील कुमार पांडेय, डॉ. रंजीत यादव और डॉ. अभिषेक जौहरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आलोक श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रो. सीएम सक्सेना, बुर्सर डॉ. सुशील कुमार त्रिपाठी, मुख्य प्रॉक्टर डॉ. दीपक त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
|