किण्वित जैविक खाद योजनांतर्गत कृषक दल का भ्रमण
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | कृषि विज्ञान केंद्र, दलीप नगर कानपुर देहात में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान आईसीएआर - आईएआरआई, नई दिल्ली की सीएसआर -मारुति परियोजना के अंतर्गत "किण्वित जैविक खाद एवं संतुलित पोषण प्रबंधन" विषय पर एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कानपुर देहात जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे 50 किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।यह आयोजन आई ए आर आई के सस्य विज्ञान संभाग के अध्यक्ष व परियोजना समन्वयक डॉ. एस.एस. राठौर तथा उद्यान विज्ञान संभाग के डॉ. जय प्रकाश के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।डॉ. खलील खान (मृदा वैज्ञानिक) ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता बनाए रखने में किण्वित जैविक खाद की भूमिका के बारे में जानकारी दी। डॉ. दीपक मिश्रा (पादप प्रजनन वैज्ञानिक) ने स्वस्थ एवं बेहतर फसल उत्पादन में गुणवत्तापूर्ण जैविक पोषण के महत्व पर किसानों को जानकारी दी। उन्होंने संतुलित पोषण और अच्छी कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया।डॉ. शशिकांत (पशुपालन वैज्ञानिक) ने पशुपालन एवं कृषि के बीच संबंध पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कृषि एवं पशुपालन को एकीकृत करके किसान अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकते हैं। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के डॉ. संजीव कुमार सिंह (सहायक प्राध्यापक, डिपार्टमेंट ऑफ वेजिटेबल साइंस) ने सब्जी फसलों में किण्वित जैविक खाद के उपयोग एवं बेहतर उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।कार्यक्रम को सफल बनाने में आई ए आर आई परियोजना टीम के सदस्य डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. कपिला शेखावत, डॉ. आंचल, डॉ. सुभाष, डॉ. प्रवीण कुमार उपाध्याय, डॉ. विशाल त्यागी, डॉ. मोना, डॉ. अर्जुन सिंह एवं डॉ. स्मृति रंजन प्रधान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। किसानों के साथ जमीनी समन्वय और कुशल मंच संचालन में यंग प्रोफेशनल दीपांशु यादव,मयंक प्रताप सिंह और निर्मल कमल ने प्रमुख भूमिका निभाई।
|