मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना को मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जयकारों से गूंजी इत्रनगरी
- सन्मार्ग सेवा संस्था समेत विभिन्न दुर्गा पंडालों में हुआ पूजन,निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा
-भक्तों ने लगाये देवी मईया के जयकारे
-इत्रनगरी के मन्दिरों में मईया के दर्शन एवं पूजन अर्चन के लिए पूरे दिन लगी रही भक्तों की अपार भीड़
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन इत्रनगरी में मां जगदम्बे और मां अम्बे के जयकारे गूंज उठे।जिला मुख्यालय समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घरों में कलश स्थापना के साथ नवरात्र का शुभारंभ हुआ। मंदिरों और दुर्गा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए दिनभर भक्तों की भीड़ उमड़ी।सन्मार्ग सेवा संस्था के तत्वावधान में मकरंदनगर स्थित बाबा पकरियानाथ मंदिर में पूजन के बाद भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। महिलाएं कलश लेकर माता के जयकारे लगाते और भजन गाते हुए सन्मार्ग पंडाल पहुंचीं। यहां आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच देवी मां की पूजा-अर्चना कराई। इसी तरह मोहल्ला सिपाही ठाकुर स्थित दुर्गा पंडाल से भी कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।कलश स्थापना के बाद वैदिक मंत्रों के साथ मां शैलपुत्री की आराधना शुरू हुई।सिद्धपीठ माता फूलमती देवी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैया दीक्षित ने माता का पूजन कर देश में सुख-शांति और आपसी सद्भाव की कामना की तथा भक्तों को प्रसाद वितरित किया।इसके अलावा चौधरी सराय स्थित बाबा मनकामेश्वर मंदिर, भुजिया देवी मंदिर, सिद्धपीठ सिंहवाहिनी देवी मंदिर, मकरंदनगर के भद्रकाली मंदिर, काली दुर्गा मंदिर, क्षेमकली मंदिर, तिर्वा स्थित माता अन्नपूर्णा मंदिर और नगर कोटि स्थित मां राजेश्वरी पीतांबरा मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।नवरात्र के प्रथम दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ और देवी मां के जयकारों से पूरी इत्रनगरी भक्तिमय हो उठी।पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिरों और दुर्गा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।