मिशन नारी शक्ति:पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक, सफर के दौरान सतर्क रहने की दी हिदायत’
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। प्रदेश शासन के मंशानुरूप और उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “मिशन नारी शक्ति” फेस -6 के अभियान के अर्न्तगत सीसामऊ थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्त जरीब चौकी चौराहे पर पुलिस बल द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सफर के दौरान सुरक्षा के प्रति सतर्क करना था।अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने सड़क पर चल रही महिलाओं, युवतियों और ऑटो-टैक्सी व अन्य सवारी गाड़ियों में सफर कर रही महिलाओं से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। इस दौरान महिला दारोगा ममता कुमारी और महिला दारोगा मोनिका राज ने महिलाओं को विशेष रूप से यह समझाया कि जब भी वे किसी सार्वजनिक वाहन (ऑटो, टैक्सी, बस आदि) में बैठकर यात्रा करें, तो ड्राइवर के व्यवहार और हरकतों पर कड़ी नजर रखें। महिलाओं को यह भी हिदायत दी गई कि यदि उन्हें ड्राइवर पर थोड़ा भी संदेह हो कि वह नशे की हालत में है या किसी गलत नीयत से गाड़ी चला रहा है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।- आपातकालीन नंबरों की दी गई जानकारी और पंपलेट दारोगा संतोष सिंह और दारोगा सर्वेश कुमार तिवारी के साथ-साथ महिला दारोगा ममता कुमारी और महिला दारोगा मोनिका राज ने भी महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि सफर के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा, संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति महसूस होने पर तुरंत घबराएं नहीं। उन्होंने महिलाओं को 112 (इमरजेंसी नंबर), 1090 (वीमेन पावर लाइन), और 181 (महिला हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा नंबरों की जानकारी दी और उनका उपयोग करने का तरीका बताया।कांस्टेबल बृजबाला और सुमन ने भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई और महिलाओं व छात्राओं को बेझिझक अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को भी कड़ी चेतावनी दी कि यदि किसी भी वाहन चालक द्वारा महिला यात्रियों के साथ बदसलूकी या लापरवाही बरती गई, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस जन-जागरूकता अभियान से चौराहे से गुजरने वाली महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
|