मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप
-सुबह 10 से शाम 4 बजे तक सभी मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, मतदाताओं की सहायता के लिए बनेंगे हेल्प डेस्क
-पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों के लिए विशेष अभियान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार वर्तमान में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद में 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार) को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि दोनों तिथियों पर जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के पास फार्म-6 तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की अंतिम निर्वाचक नामावली उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन पत्र भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
विशेष कैंप में आने वाले नागरिक अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लाएं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाएं।
मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, निर्वाचक नामावली में दर्ज किसी मृतक व्यक्ति अथवा अन्य कारणों से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता के नाम में संशोधन या निवास स्थान परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरा जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम दर्ज होने की पुष्टि अवश्य कर लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फार्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करे। लोकतंत्र में सभी नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है।