पीईटी-2026 जनपद में 12 परीक्षा केंद्रों पर तीन तिथियों में आयोजित होगी परीक्षा, प्रत्येक पाली में 5,136 अभ्यर्थी होंगे शामिल
-होटल संचालकों को निर्धारित दरों से अधिक वसूली न करने की चेतावनी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 को जनपद में पूरी तरह पारदर्शी, शुचितापूर्ण, व्यवस्थित एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी हमीरपुर अशोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सफल संचालन, गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, कार्मिकों के प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा परीक्षा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अवगत कराया गया कि पीईटी-2026 की परीक्षा जनपद में दिनांक 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवंबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक निर्धारित है। बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं आइरिस स्कैन की प्रक्रिया के लिए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पांच मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
जनपद में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक पाली में 5,136 अभ्यर्थी तथा दोनों पालियों को मिलाकर प्रतिदिन कुल 10,272 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा की निगरानी एवं व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नामित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें और परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरंतर पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें।
गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि कोषागार से परीक्षा सामग्री प्राप्त करने, उसके सुरक्षित परिवहन तथा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। परीक्षा सामग्री के ट्रंकों को केवल सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ही खोला जाए। सामग्री का मिलान, सत्यापन एवं अन्य आवश्यक तैयारियां 23 अक्टूबर, 2026 तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था या विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि 24 अक्टूबर, 2026 को सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बायोमेट्रिक सत्यापन सहित अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल कराई जाए। मॉक ड्रिल के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कर लिया जाए, जिससे वास्तविक परीक्षा के समय व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें। परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता पूरी तरह बनी रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, कोषाधिकारी श्रीमती अंकिता सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र सह-व्यवस्थापक एवं परीक्षा प्रभारीगण आदि उपस्थित रहे।