विधान परिषद स्नातक निर्वाचन-2026 की तैयारियों की जिला निर्वाचन अधिकारी ने की समीक्षा, 23 अक्टूबर को होगा मतदान
-22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत आगामी 23 अक्टूबर, 2026 को होने वाले मतदान की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए आज दिनांक 21 अक्टूबर, 2026 को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान की तैयारियों, पोलिंग पार्टियों की रवानगी, निर्वाचन सामग्री के वितरण, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया की निगरानी से संबंधित बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दिनांक 22 अक्टूबर, 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जाएगी। इसके दृष्टिगत सभी संबंधित अधिकारी निर्वाचन संबंधी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें। प्रत्येक पोलिंग पार्टी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा सामग्री का समुचित मिलान एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि रवानगी के समय किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियां रवानगी के उपरांत अपने-अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर पहुंचकर वहीं ठहरेंगी तथा मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगी। सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं बूथों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। मतदान कक्षों में पर्याप्त स्थान, समुचित प्रकाश व्यवस्था, बैलेट बॉक्स रखने के लिए उपयुक्त स्थान तथा मतदाताओं के सुगम आवागमन के लिए पृथक प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि मतदान कार्मिकों एवं मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कर ली जाएं।
प्रत्येक मतदान स्थल पर होगी वीडियोग्राफी, मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध
निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक मतदान स्थल पर वीडियो कैमरे के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग कराने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्देश दिए कि इस संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर आवश्यक कार्मिक तैनात कर मोबाइल फोन जमा कराने की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, मतदाताओं की पहचान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापित की जाए तथा वैध पहचान पत्र एवं निर्वाचन संबंधी निर्धारित पात्रता की पुष्टि के बाद ही मतदान की अनुमति दी जाए।
जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों में रहकर करेंगे निगरानी
जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण करें। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, आवश्यक सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की जाए। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने तक संबंधित अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा किसी भी समस्या अथवा अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि 23 अक्टूबर को होने वाला विधान परिषद स्नातक निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, प्रभारी मीडिया एवं कम्युनिकेशन श्री सतीश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।